फर्रुखाबाद (द दस्तक 24) फर्रुखाबाद जिले में बंद पड़े शीतगृह (कोल्ड स्टोरेज) के कारण आलू किसानों को हो रही समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब गठित कमेटी के माध्यम से बंद शीतगृह से आलू की निकासी कराई जाएगी, साथ ही किसानों को आलू भंडारण पर सरकारी अनुदान भी दिया जाएगा।
जिला आलू एवं शाक भाजी अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 22 अगस्त को सकवाई स्थित मैसर्स आर०एस० इंडस्ट्रीज एण्ड कोल्ड स्टोरेज का संचालन बंद कर दिया गया था। चूंकि शीतगृह में जिले के किसानों का निजी आलू एवं आलू बीज भंडारित है और वर्तमान समय में आलू की बुआई का सीजन प्रारंभ होने वाला है, इसलिए किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए आलू की तुरंत निकासी कराने हेतु एक विशेष कमेटी गठित की गई है।
कमेटी में ये अधिकारी शामिल:
गठित कमेटी में आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, तहसीलदार सदर, प्रभारी निरीक्षक (कोतवाली मोहम्मदाबाद), बैंक ऑफ इंडिया (फर्रुखाबाद) द्वारा अधिकृत अधिकारी तथा उद्यान विभाग फर्रुखाबाद के प्रभारी शीतगृह को नामित किया गया है।
किसानों के लिए अपील एवं अनुदान की जानकारी:
प्रशासन ने जनपद के समस्त किसानों से अपील की है कि वे मैसर्स आर०एस० इंडस्ट्रीज एण्ड कोल्ड स्टोरेज में भंडारित अपने आलू की तत्काल निकासी कर लें।
इसके साथ ही, उद्यान विभाग द्वारा संचालित भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के तहत शीतगृह में भंडारित आलू पर 100 रुपये प्रति कुन्तल का अनुदान देय है। जिले के समस्त आलू उत्पादक किसान पंजीकरण कराकर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।