फर्रुखाबाद में आपातकालीन तैयारियों को परखने हेतु मॉक ड्रिल आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जनवरी 2026 नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल की उपस्थिति में जिला अग्निशमन अधिकारी कार्यालय परिसर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभ्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आपदा मित्रों एवं आम नागरिकों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपायों, घायलों के रेस्क्यू तथा स्वयं को सुरक्षित रखने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने की स्थिति में उस पर नियंत्रण पाने के विभिन्न तरीकों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। साथ ही आग से बचाव, प्रारंभिक प्रतिक्रिया और संसाधनों के सही उपयोग के बारे में जानकारी साझा की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने, सीपीआर (CPR) प्रदान करने तथा घटनास्थल से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रशिक्षणात्मक प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं संगठित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आपदा विशेषज्ञ, आपदा मित्र तथा अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।