फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 मार्च 2026 जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक वस्तुओं की पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दोपहिया वाहनों पर आने वाले चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल न दिया जाए। “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान को पूरी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। साथ ही पुलिस विभाग को भी बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित रूप से चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा गैस एजेंसी संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना बुकिंग किसी भी हॉकर या अन्य व्यक्ति को गैस सिलेंडर उपलब्ध न कराया जाए। यदि किसी एजेंसी या व्यक्ति द्वारा अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी कहा गया कि गैस आपूर्ति या अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी संचालकों से नियमों का पालन करते हुए आम जनता को बेहतर और पारदर्शी सेवा देने की अपील की।
प्रशासन की इस पहल से जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था को भी अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
