फर्रुखाबाद में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा प्लान, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने पेश किया रोडमैप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक योजना का खाका तैयार किया है। उन्होंने बताया कि वर्षों से फर्रुखाबाद में बिजली एक बड़ी समस्या रही है, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसमें उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

विधायक ने कहा कि उनकी प्रेरणा से अब तक कई ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनमें दो नए बिजली घरों का निर्माण, नए ट्रांसफार्मर लगवाना और जर्जर तारों को बदलना शामिल है। हालांकि, अंडरग्राउंड केबल बिछाने का उनका सपना तकनीकी कारणों और संकरी गलियों के चलते पूरा नहीं हो सका।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 के बिजली बिजनेस प्लान में फर्रुखाबाद विधानसभा के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भेजे गए हैं। इसके तहत पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना और लगभग 90 किलोमीटर जर्जर नंगे तारों को बदलकर कवर्ड केबल लगाने का काम किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा काफी कम होगा।

फतेहगढ़ व भोलेपुर क्षेत्र में प्रमुख कार्य: इस क्षेत्र में 21 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और 8 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। साथ ही 30.34 किलोमीटर एबीसी केबल बिछाई जाएगी, जिससे बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारु होगी।

लकूला एवं पांचालघाट क्षेत्र में सुधार: यहां 16 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, 7 नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना और 35.96 किलोमीटर एबीसी केबल डालने की योजना है। इसके अलावा 11 केवी लाइन में 3.4 किलोमीटर तक सुधार कार्य किया जाएगा।

चैक एवं जसमई क्षेत्र में कार्य: इस क्षेत्र में 14 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, 2 नए ट्रांसफार्मर और 24.15 किलोमीटर एबीसी केबल बिछाई जाएगी। साथ ही 5.4 किलोमीटर नई 33 केवी लाइन का निर्माण किया जाएगा।

विधायक ने बताया कि बेवर रोड से गुजर रही 30 केवी लाइन, जो लगभग 500 घरों के ऊपर से जाती है, उसे हटाकर सीधे ठंडी सड़क पावर हाउस से जोड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे संभावित दुर्घटनाओं का खतरा समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले प्रस्तावित दो बिजली घर तेजी से निर्माणाधीन हैं और इस वर्ष पूर्ण हो जाएंगे, जिससे करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

अंत में विधायक ने भरोसा जताया कि इन सभी योजनाओं के लागू होने के बाद फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर व निर्बाध आपूर्ति मिल सकेगी।