Friday, 30 October 2026 | 8:30 PM
उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में थाना समाधान दिवस पर बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीनों से हटाया गया अवैध कब्जा

प्रयागराज। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई की। जिले की विभिन्न तहसीलों में उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच की तथा नियमानुसार उनका निस्तारण कराया। कई स्थानों पर सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटवाए गए, जबकि कुछ मामलों में निर्माण कार्य रुकवाने और रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
Share:
प्रयागराज में थाना समाधान दिवस पर बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीनों से हटाया गया अवैध कब्जा
प्रयागराज में थाना समाधान दिवस पर बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीनों से हटाया गया अवैध कब्जा
प्रयागराज। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई की। जिले की विभिन्न तहसीलों में उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच की तथा नियमानुसार उनका निस्तारण कराया। कई स्थानों पर सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटवाए गए, जबकि कुछ मामलों में निर्माण कार्य रुकवाने और रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

बारा तहसील में तीन शिकायतों का निस्तारण

तहसील बारा क्षेत्र में थाना समाधान दिवस के दौरान कुल तीन शिकायतों का निस्तारण कराया गया। थाना घूरपुर के ग्राम विरवल में आराजी संख्या 251ग की बंजर भूमि पर आरआरसी सेंटर (कूड़ाघर) निर्माण के लिए जमीन के चिन्हांकन का मामला सामने आया। वहीं, ग्राम जसरा में आराजी संख्या 45 पर अवैध कब्जे और थाना कौंधियारा के ग्राम जारी में आराजी संख्या 1483/1540 की नाली खाते की भूमि पर कब्जे की शिकायत प्राप्त हुई। अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों को सुनते हुए नियमानुसार मामलों का निस्तारण कराया।

फूलपुर में चकरोड और सीमांकन संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई

तहसील फूलपुर में कुल पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया। राम दुलार भारतीय, जगत बहादुर कुशवाहा, संतोष कुमार, राकेश कुमार और श्याम बहादुर की ओर से चकमार्ग पर अवैध कब्जे तथा भूमि सीमांकन से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत की गई थीं। अधिकारियों ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया पूरी कराई।

करछना में पांच मामलों का समाधान

तहसील करछना में पांच शिकायतों का निस्तारण कराया गया। इनमें इमरान हाशमी की कब्रिस्तान की भूमि का सीमांकन कराने, गोपी कृष्ण की अवैध निर्माण संबंधी शिकायत, मोहम्मद खालिद के चकमार्ग संख्या 371 के सीमांकन, विजय कुमार की भूमि संख्या 627 पर अवैध कब्जे तथा धर्मेंद्र की ओर से नाली की आराजी संख्या 310 के सीमांकन से संबंधित मामले शामिल रहे। अधिकारियों ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण सुनिश्चित कराया।

सोरांव में भूमि विवाद और रास्ते से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण

तहसील सोरांव क्षेत्र में थाना समाधान दिवस के दौरान पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। राम सजीवन ने बरसात में कच्चा मकान गिरने, राम सुमेर ने भूमिधरी भूमि के बंटवारे, सगीरुनिशा ने आबादी श्रेणी 6(2) की भूमि पर मकान बनाने में अवरोध, गया प्रसाद पटेल ने चकमार्ग की पैमाइश और रमाकांत सरोज ने भूमिधरी जमीन पर रास्ते से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। संबंधित अधिकारियों ने मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान कराया।

कोरांव में छह शिकायतों का निस्तारण, अवैध कब्जे हटवाए

तहसील कोरांव क्षेत्र में कुल छह शिकायतों का निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी कोरांव के अनुसार, धर्मराज सिंह, हरि शंकर पांडेय, अशोक कुमार और सुनील कुमार की चकमार्ग पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम ने कार्रवाई की। संबंधित स्थानों से अतिक्रमण हटवाया गया।

वहीं, सूबेदार सिंह की भूमिधरी भूमि पर नए निर्माण और नवीयत परिवर्तन से संबंधित शिकायत पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। इसके अलावा रजिया बेगम पत्नी वकी अहमद की आवासीय पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर भी कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवाया गया।

मेजा में चार मामलों में कार्रवाई, रास्तों से हटाया गया अतिक्रमण

तहसील मेजा में कुल चार शिकायतों का निस्तारण कराया गया। थाना मांडा के अंतर्गत ग्राम गुड़गवा, टप्पा मांडा में गाटा संख्या 122, जिसका रकबा 0.0200 हेक्टेयर है और जो राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है, उसके आंशिक हिस्से से अतिक्रमण हटवाया गया।

थाना खीरी के ग्राम इटवा कला में गाटा संख्या 373, रकबा 0.0230 हेक्टेयर की चकमार्ग भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया। वहीं, ग्राम सिरहिर में इंटरलॉकिंग मार्ग को गोबर आदि से पाटकर अवरुद्ध कर दिया गया था, जिसे हटवाकर रास्ता खुलवाया गया।

इसी क्रम में थाना मांडा के ग्राम बरबसपुर स्थित गाटा संख्या 120, जिसका क्षेत्रफल 0.077 हेक्टेयर है, चकमार्ग के रूप में दर्ज भूमि पर ज्वार की फसल बोई गई थी। प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए फसल कटवाई गई।

प्रशासन का जोर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर

थाना समाधान दिवस के दौरान जिले की विभिन्न तहसीलों में भूमि विवाद, चकमार्ग, नाली, सीमांकन और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराना और आम लोगों की भूमि संबंधी समस्याओं का नियमानुसार समाधान करना रहा।

रिपोर्ट: उमाशंकर कुशवाहा
प्रभारी पत्रकार, तहसील कोरांव, प्रयागराज
द दस्तक 24