फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 210 किलो लहन नष्ट, 12 लीटर कच्ची शराब बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान फर्रुखाबाद में आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में दिनांक 2 मार्च 2026 को क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद श्री अजय कुमार वर्मा एवं आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने टीम के साथ संदिग्ध ग्राम तकीपुर में दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर 210 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा 12 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

दुकानों का औचक निरीक्षण

दबिश के बाद थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र में संचालित आबकारी दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से बिक्री का रिकॉर्ड, ऑनलाइन भुगतान की स्थिति तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सभी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Comment