मैनपुरी :भोगाँव में डॉ. प्रशांत मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ

भोगाँव,रेलवे स्टेशन के निकट डॉ. प्रशांत मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का विधिवत शुभारंभ भोगाँव विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री राम नरेश अग्निहोत्री जी द्वारा फीता काटकर किया गया। यह हॉस्पिटल स्वर्गीय डॉ. प्रशांत पाल की पुण्य स्मृति को समर्पित एक जनकल्याणकारी एवं जनसेवी प्रयास है।

उद्घाटन अवसर पर स्वर्गीय डॉ. प्रशांत पाल के पिता श्री महेन्द्र पाल सिंह एवं माता श्रीमती शीतला देवी सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्टाफ सदस्य तथा विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने स्वर्गीय डॉ. प्रशांत पाल को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. प्रशांत पाल ने शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में भोगाँव का नाम गौरवान्वित किया था। डॉ. प्रशांत मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल उसी सेवा-भावना, समर्पण एवं मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है।

अपने संबोधन में माननीय विधायक श्री राम नरेश अग्निहोत्री जी ने कहा कि यह हॉस्पिटल भोगाँव तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने स्वर्गीय डॉ. प्रशांत पाल की स्मृति में किए गए इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए अस्पताल प्रबंधन को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ. योगेश पाल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आर.के. बघेल सहित विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. प्रमोद, डॉ. ललित एवं डॉ. एस.के. ने संयुक्त रूप से कहा कि यह हॉस्पिटल डॉ. प्रशांत पाल के विचारों, भोगाँव के लिए देखे गए उनके विज़न तथा सेवा-भावना को साकार करने का प्रयास है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।

हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई कि डॉ. प्रशांत मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में अनुभवी चिकित्सकों की टीम, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, 24×7 आपातकालीन सेवाएं, आई.सी.यू. एवं एन.आई.सी.यू. जैसी आधुनिक एवं उन्नत सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।