लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 पूर्व मंत्री एवं स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में अपनी जनता पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने देश के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में एससी/एसटी/ओबीसी छात्रों के साथ हो रहे जातिगत भेदभाव को रोकने के उद्देश्य से प्रस्तावित UGC कानून-2026 के समर्थन में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने अनुरोध किया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से संबंधित कानून-2026 को तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाए, ताकि विश्वविद्यालयों एवं सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ होने वाले भेदभाव को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
इस अवसर पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में समान अवसर और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि यह कानून प्रभावी ढंग से लागू होता है तो शिक्षा संस्थानों में सामाजिक न्याय और समानता को मजबूत आधार मिलेगा।
कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में कानून को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई।
