लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जनवरी 2026 प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन (पेजा) के 27वें अधिवेशन का भव्य आयोजन राजधानी लखनऊ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सीआईडी विभाग के पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार-कवि अखिलेश निगम ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया।
अधिवेशन में कुल 133 वरिष्ठ पत्रकारों को विभिन्न राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें 41 पत्रकारों को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई अवार्ड (4 जनवरी 2026), 41 पत्रकारों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अवार्ड (4 जनवरी 2026) तथा 51 पत्रकारों को गणेश शंकर विद्यार्थी अवार्ड (4 जनवरी 2026) से सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।
सम्मान वितरण कार्यक्रम में समाजसेवी एवं वरिष्ठ कवि अखिलेश निगम के साथ राजेश अग्रवाल (राष्ट्रीय महासचिव), सुनील त्रिपाठी (प्रदेश अध्यक्ष), अवधेश कटिहार (प्रदेश मुख्य महासचिव) और शिवप्रसाद कुशवाहा (प्रदेश कोषाध्यक्ष) ने पत्रकारों को माला पहनाकर एवं अवार्ड प्रदान किए।
मुख्य अतिथि अखिलेश निगम ने अपने काव्य पाठ से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत महोबा के पत्रकार राजा बाबू सिंह के माध्यम से सभी पत्रकारों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के आयोजक गिरीश चंद्र कुशवाहा ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया और भीषण ठंड के बावजूद कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पत्रकारों व पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संतोष सिंह, मुकेश गुप्ता, हैदर जैदी, आशीष त्रिवेदी, बी.आर. सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, आर.आर. भारती सहित अनेक सहयोगियों को राष्ट्रीय चिन्ह सम्राट अशोक स्तंभ से सम्मानित किया गया।
अधिवेशन में बांदा, अलीगढ़, आगरा, कानपुर, झांसी, गोंडा, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और प्रयागराज मंडल के पत्रकारों की उपस्थिति रही। अत्यधिक ठंड के कारण मिर्जापुर, मेरठ, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर और बस्ती मंडल के पत्रकार शामिल नहीं हो सके।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक विभाग की टीम द्वारा कठपुतली प्रदर्शन के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता अभियान प्रस्तुत किया गया तथा भजन संध्या ने आयोजन को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
