गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के बिजुआ विकासखंड के ग्राम अमरपुर में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड में प्रभावित पीड़ित परिवारों की मदद के लिए सामाजिक संस्थाएं आगे आई हैं। श्री शिव सेवक दिल्ली शाखा छोटी काशी गोला एवं श्री श्याम दीवाने सेवा समिति द्वारा आयोजित ग्राम अमरपुर अग्निकांड में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री प्रदान की गई। इस अग्निकांड में कई परिवारों के आशियाने पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। आग की लपटों में घरों में रखा सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया था जिससे पीड़ित परिवार भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए मोहताज हो गए थे।
सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित गोला विधायक माननीय अमन गिरी ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका कुशल क्षेम जाना और समिति द्वारा लाई गई राहत सामग्री जिसमें अनाज और भोजन पैकेट सहित दैनिक उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने सामाजिक संस्थाओं के निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की।
विधायक ने समिति के सभी पदाधिकारियों के इस पुनीत और महान कार्य की भूरि भूरि प्रशंसा की और सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में हम सभी का दायित्व है कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उनका सहारा बने। समाज की सेवा ही सच्ची राष्ट्रसेवा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पीड़ित परिवारों को इस संकट से जल्द उबरने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने सभी से अपील करते हुए कहा कि ये परिवार आज बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। समाज के हर सक्षम वर्ग को घर से बाहर निकलकर इन पीड़ितों की मदद और सहयोग के लिए आगे आना चाहिए ताकि वे फिर से अपना जीवन शुरू कर सकें।
इस अवसर पर अनिल जलोटा, दीपक राजपूत, अजय गुप्ता, अनूप गुप्ता, सोनू सिंह, अमित गुप्ता, सुधीर गुप्ता, मयंक महेश्वरी, आशुतोष रस्तोगी, कुमार विवेक, सतनाम सिंह, कश्मीर सिंह, शमशेर सिंह, कुलदीप सिंह, सभासद भोली गिरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लखीमपुर खीरी : अग्निकांड पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई सामाजिक संस्थाएं, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
