गोला गोकर्णनाथ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोला गोकर्णनाथ नगर एवं कुंभी खंड द्वारा श्री सिद्धिविनायक गेस्ट हाउस में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला बौद्धिक प्रमुख रामनरेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि होली सामाजिक समरसता और संगठन शक्ति का पर्व है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें आपसी मतभेद भुलाकर समाज में सद्भाव, भाईचारा और सामंजस्य के साथ रहने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में वक्ता राम नरेश ने कहा कि एक संगठित समाज ही भारत को परम वैभव के शिखर तक पहुंचा सकता है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए संगठन शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि समाज की एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे ‘पंच परिवर्तन’ अभियान के उद्देश्यों की भी जानकारी दी और बताया कि संघ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र तथा समाज की उन्नति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सह जिला कार्यवाह विवेक वर्मा, सह जिला व्यवस्था प्रमुख अनिरुद्ध गुप्ता, नगर कार्यवाह महेंद्र पाठक, सह नगर संघचालक कौशल किशोर, कुंभी खंड संघचालक दुष्यंत वर्मा, खंड कार्यवाह हेमंत वर्मा, सह खंड कार्यवाह महेंद्र वर्मा, नगर खंड प्रचारक अभिषेक कुमार, स्वयंसेवक तथा गोला नगर के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
लखीमपुर खीरी : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का होली मिलन समारोह सम्पन्न
