बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रैवल संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बोधगया के बौद्ध भिक्खुगण सहित विभिन्न संगठनों एवं विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी नवंबर से मार्च तक चलने वाले पर्यटक सीजन के दौरान बोधगया में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संभावित बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं, पार्किंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए माननीय केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बोधगया विश्व के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक महाबोधि मंदिर के दर्शन एवं भ्रमण के लिए आते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि बोधगया में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देने तथा पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही पर्यटकों को बेहतर अनुभव एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि महाबोधि मंदिर क्षेत्र में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा का परिचालन हो रहा है। इसे व्यवस्थित करने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को ई-रिक्शा परिचालन की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता पड़ने पर ई-रिक्शा के परिचालन को नियंत्रित एवं व्यवस्थित करने के लिए कलर कोडिंग व्यवस्था लागू करने पर भी विचार करने को कहा गया।
उन्होंने सड़क किनारे अनियोजित रूप से संचालित फुटपाथी दुकानों के कारण राहगीरों एवं पर्यटकों को हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को सभी दुकानों को व्यवस्थित करवाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क किनारे खुले में मांस-मछली की बिक्री पर रोक का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों, पार्किंग स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी देने वाले आकर्षक एवं स्पष्ट साइनेज पर्याप्त संख्या में लगवाने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बोधगया, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को संयुक्त रूप से अगले चार दिनों के अंदर बोधगया के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। ट्रैफिक प्लान में बड़े एवं छोटे वाहनों तथा ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने के साथ पर्याप्त क्षमता वाले बड़े पार्किंग स्थलों की पहचान करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त जिन स्थानों पर अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है, उन्हें चिह्नित कर जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी उपाय एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
महाबोधि मंदिर के बाहर प्रतिनियुक्त टूरिस्ट पुलिस पदाधिकारी को मंदिर के आसपास ई-रिक्शा के परिचालन एवं ठहराव को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया, ताकि पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
महाबोधि मंदिर के मुख्य पुजारी को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं प्रतिदिन मंदिर आने वाले बौद्ध भिक्खुओं को चिह्नित कर संबंधित मॉनेस्ट्री एवं मंदिर के माध्यम से पहचान पत्र निर्गत कराने की व्यवस्था की जाए। साथ ही ऐसे सभी व्यक्तियों की सूची बीटीएमसी कार्यालय को भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन, गया को बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा इसकी लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से रात्रि अवधि में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पर्यटक सीजन को ध्यान में रखते हुए पथ निर्माण विभाग द्वारा बोधगया क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा बोधगया क्षेत्र में सीवरेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिससे जलजमाव जैसी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया को बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने तथा सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखवाने का निर्देश दिया।
बैठक में पर्यटक सीजन के दौरान बोधगया को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यटक अनुकूल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक, बोधगया मठ के मठाधीश, नगर परिषद बोधगया के सभापति, अपर समाहर्ता, गया सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।