Sunday, 01 November 2026 | 3:17 AM
भारत

गया: बोधगया महाबोधि मंदिर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, आवश्यक निर्देश भी दिया

Share:
गया: बोधगया महाबोधि मंदिर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, आवश्यक निर्देश भी दिया

–मंदिर परिसर के संपूर्ण क्षेत्र में आकर्षक रंग-रोगन कराने तथा साफ-सफाई की नियमित एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

–रात्रि में महाबोधि मंदिर के गुंबद पर पूरी रात जलती रहेगी आकर्षक रोशनी, सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग का भी निर्देश

गया जिला के  बोधगया स्थित विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर परिसर में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर द्वारा मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई, दीवारों की पेंटिंग एवं रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, परिसर में अवस्थित तालाबों की सफाई, आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने, शौचालयों की स्वच्छता, टूटे हुए टाइल्स की मरम्मत तथा परिसर में उगी झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की सफाई सहित विभिन्न कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर के संपूर्ण क्षेत्र में आकर्षक एवं एकरूप रंग-रोगन कराया जाए, ताकि मंदिर परिसर का सौंदर्य और अधिक निखरे तथा यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो।
     जिला पदाधिकारी ने साफ-सफाई की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए। परिसर के किसी भी हिस्से में कूड़ा-कचरा, गंदगी अथवा जलजमाव की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि साफ-सफाई की व्यवस्था केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इसका नियमित अनुश्रवण भी किया जाए। शौचालयों की स्वच्छता, तालाबों की सफाई तथा परिसर के सभी सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि महाबोधि मंदिर में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक एवं श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर की स्वच्छता, सुंदरता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटकों को कहीं भी थोड़ी-सी भी गंदगी देखने को नहीं मिले।
       प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से रात्रि में महाबोधि मंदिर के शीर्ष भाग (गुंबद) पर की जाने वाली आकर्षक रोशनी की व्यवस्था का जानकारी लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर के गुंबद पर पड़ने वाली आकर्षक रोशनी के संचालन की समयावधि बढ़ाई जाए तथा यह रोशनी पूरी रात जलती रहे। इससे रात्रि के समय दूर से भी महाबोधि मंदिर की भव्यता एवं सुंदरता स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि महाबोधि मंदिर बोधगया की अंतरराष्ट्रीय पहचान एवं आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसलिए इसकी सुंदरता एवं भव्यता को और बेहतर बनाने के लिए प्रकाश व्यवस्था को आकर्षक एवं प्रभावी बनाया जाए।
         सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जानकारी जिला पदाधिकारी ने प्राप्त की। संबंधित पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि परिसर में लगाए गए लगभग सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित एवं लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी कैमरे में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल उसकी मरम्मत कराकर उसे पुनः क्रियाशील किया जाए, ताकि मंदिर परिसर की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
      जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा साफ-सफाई, रंग-रोगन, मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। महाबोधि मंदिर की अंतरराष्ट्रीय महत्ता एवं यहां आने वाले पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए परिसर को हमेशा स्वच्छ, सुंदर, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
       इस अवसर पर अपर समाहर्ता, गया-सह-प्रभारी सचिव, बीटीएमसी, केयरटेकर मॉन्क, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बोधगया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।