Sunday, 01 November 2026 | 1:36 AM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया : डीएम

जिलेभर में मना राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया एकता और अखंडता का संकल्प।
Share:
लखीमपुर खीरी : सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया : डीएम
कार्यक्रम की तस्वीर
लखीमपुर खीरी: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती शनिवार को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। उनके अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने एडीएम वित्त एवं राजस्व बृजेश कुमार त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक बृजपाल सिंह सहित अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान डीएम ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। हैदराबाद, जूनागढ़ सहित विभिन्न रियासतों के भारत में विलय में उनके कुशल नेतृत्व और दृढ़ संकल्प की निर्णायक भूमिका रही। उन्होंने बिखरी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एकीकृत भारत के निर्माण का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका योगदान देश के इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल महापुरुष के स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प दिवस है। युवाओं को सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का अध्ययन करना चाहिए। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही हम सशक्त, समरस और एकजुट भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बृजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। वहीं, एडीएम (न्यायिक) बृजपाल सिंह ने उनके जीवन संघर्षों और राष्ट्र के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रशिक्षु एसडीएम श्वेता द्विवेदी, एआईजी स्टाम्प अमिताभ कुमार, डीएसओ सीमा त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (कलेक्ट्रेट) मो. सलीम, प्रशासनिक अधिकारी सुरेश वर्मा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।