राकिशसं ने मनाया काला दिवस – दिया धरना, 29 जनवरी तक पिछला,8 दिन का 12 फरवरी तक भुगतान पर बनी सहमति
गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड द्वारा गन्ना भुगतान न किए जाने के विरोध में राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन द्वारा सहकारी गन्ना विकास समिति प्रांगण में काला दिवस मनाया गया। जिसमें यूनिट हेड और मुख्य गन्ना प्रबंधक पहुंचे और 29 जनवरी तक पिछले पेराई सत्र का पूर्ण भुगतान और नवीन पेराई सत्र का 8 दिन का भुगतान 12 फरवरी तक लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपए करने पर सहमति हुई।
राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह भदौरिया ने डीएम के नाम एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी को गन्ना भुगतान न होने, पांच माह पूर्व गन्ना समिति के सचिव बलवंत चौधरी द्वारा कोतवाली में दर्ज करवाई गई एफआईआर पर अब तक कोई गिरफ्तारी न किए जाने और चार्जशीट न लगाए जाने का मामला उठाते हुए राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन से संबंद्ध गन्ना किसानों द्वारा एसपी के माध्यम से विवेचना अधिकारी को बयान दर्ज करने के लिए स्टांप पर नोटेरियल शपथ पत्र पर केस डायरी में बयान दर्ज करने की मांग की थी। किसान सहकारी गन्ना विकास समिति में काले झंडे लेकर धरने पर बैठ गए जिसकी सूचना पर यूनिट हेड राकेश यादव, गन्ना महाप्रबंधक पी एस चतुर्वेदी और सचिव बलवंत चौधरी पहुंचे किसानों से वार्ता शुरू हुई। ढाई घंटे में कई चक्र वार्ता के बाद किसान 29 जनवरी तक पिछला भुगतान और नवीन सत्र का 8 दिन का भुगतान 12 फरवरी तक करने और लिखित समझौते पर सहमत हुए। यूनिट हेड राकेश यादव ने बजाज कंपनी के लेटर हेड पर जिला अध्यक्ष संतोष सिंह भदोरिया को पत्र लिखकर प्रदान किया।
सचिव बलवंत चौधरी ने कहा कि वह बजाज चीनी मिल को गन्ना भुगतान के लिए नोटिस दे चुके हैं यदि नवीन सत्र का संपूर्ण गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो चार माह बाद वह फिर एफआईआर दर्ज करवाएंगे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा, जिला अध्यक्ष संतोष सिंह भदौरिया, राजेश कुमार, सहमीर खान, नरविजय, पतिराखन लाल, राधेश्याम, अनिल कुमार, संजय सिंह,श्यामकिशोर, अवधेश कुमार, इंद्रजीत वर्मा, लालू राम, मंडल अध्यक्ष रामसागर वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
