लखीमपुर खीरी : गोवर्धन पूजा पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने गौशाला में की गौमाता की पूजा अर्चना

(द दस्तक 24 न्यूज़) गोवर्धन पूजा के अवसर पर बुधवार को जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने तहसील लखीमपुर स्थित गो आश्रय स्थल लघुचा पहुंचकर गौशाला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की और उन्हें गुड़, केला तथा हरा चारा खिलाया और जिला लखीमपुर वासियों के लिए सुख समृद्धि, शांति की कामना की।

जिलाधिकारी ने गौशाला में कार्यरत कार्मिकों और सफाई कर्मियों से भेंट कर उनका हालचाल जाना उन्होंने उनके सेवा कार्यों के लिए साधुवाद भी दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गो आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में जनपद की सभी गौशालाओं में गोपूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने गोवंश संरक्षण और संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक भी किया।

इस कार्यक्रम में ग्रामीण, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और बच्चे सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। इसी क्रम में जनपद के अन्य गो आश्रय स्थलों में भी एसडीएम, बीडीओ, नामित नोडल अधिकारियों की देखरेख में गोपूजन कार्यक्रम हुए।