लखीमपुर खीरी : श्रावण मास मेला का पहली बार आधिकारिक लोगो किया गया जारी, गोला विधायक ने किया अनावरण

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के विराट प्रतीक गोला गोकर्णनाथ श्रावण मास मेला का पहली बार आधिकारिक लोगो जारी किया गया। इस ऐतिहासिक लोगो का अनावरण गोला के विधायक माननीय अमन गिरि के करकमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। लोगो का निर्माण श्री गोकर्ण फाउंडेशन द्वारा संचालित गोला टूरिज्म संगठन ने किया है। गोला टूरिज्म के पदाधिकारियों ने बताया भगवान श्री गोकर्णनाथ की कृपा से अभिसिंचित, शिवत्व, कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक, सनातन संस्कृति, प्रकृति और अटूट आस्था को समेटे यह लोगो केवल एक डिज़ाइन नहीं, बल्कि श्रावण मास मेला की आधिकारिक पहचान और उसकी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पहल मेले को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 30 लाख से अधिक शिवभक्तों ने छोटी काशी के नाम से विख्यात श्री गोकर्णनाथ धाम में जलाभिषेक एवं दर्शन किए, जो काशी विश्वनाथ धाम के बाद सर्वाधिक संख्या मानी जाती है। इस अवसर पर गोला विधायक अमन गिरि ने कहा कि प्रत्येक बड़े आयोजन की एक विशिष्ट पहचान होती है और उसका लोगो उसी पहचान का सबसे प्रभावी माध्यम बनता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह लोगो श्रावण मास मेला के को नई गति प्रदान करेगा।
अनावरण समारोह में श्री गोकर्ण फाउंडेशन के अध्यक्ष इं. विनायक श्रीवास्तव, प्रबंधक प्रेम गुप्ता, सचिव इं. मिलिंद शुक्ल, संगठन मीडिया समन्वयक वीरेंद्र गुप्ता ‘वीनू’, श्री गोकर्ण शोध कला एवं संस्कृति संस्थान के प्रबंध निदेशक कमल नयन शुक्ल, मुख्य सलाहकार डॉ. सौरभ दीक्षित, डॉ. आदर्श दीक्षित, क्रिएटर्स क्लब के आर्यन, सौरभ दिवाकर, त्रिदर्श, अजय गुप्ता प्रिंस, विपिन राज सहित संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे गोला गोकर्णनाथ श्रावण मास मेला की ख्याति, सांस्कृतिक संरक्षण और वैश्विक पहचान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

Leave a Comment