गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में जीवन लाल कमला देवी स्नातकोत्तर महिला विद्यालय, ग्राम पंचायत पुनर्भु ग्रांट में आयोजित हिंदू सम्मेलन में समाज को एकजुट,जागरूक और संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया गया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता नगर प्रचारक गोला अभिषेक जी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रबोध को सुदृढ़ करना है।
बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं बल्कि हजारों वर्षों पुरानी जीवंत सांस्कृतिक परंपरा है। विगत दो हजार वर्षों में विश्व में अनेक सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक प्रयोग हुए किंतु वे मानवता को स्थायी सुख और शांति नहीं दे सके। आज पूरा विश्व आशा की दृष्टि से भारत की ओर देख रहा है। उन्होंने संगठन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोई भी समाज तब तक सशक्त नहीं बन सकता जब तक वह संगठित न हो। इतिहास के उदाहरणों और रामचरितमानस सहित अन्य ग्रंथों के उद्धरणों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि संगठित समाज ही अपने मूल्यों की रक्षा कर सकता है।
भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हमारे ऋषि-मुनि अपने समय के महान वैज्ञानिक और विचारक थे। खगोल विज्ञान, आयुर्वेद, गणित और भाषा विज्ञान में भारत का योगदान विश्व को दिशा देता रहा है। नालंदा और तक्षशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों के उदाहरण प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता को समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया गया। इस अवसर पर पांच प्रमुख संकल्पों का आह्वान किया गया—
एक मंदिर, एक श्मशान, एक जलाशय और एक पंगत की भावना; भाषा, भूषा, भोजन, भ्रमण और भवन में सांस्कृतिक चेतना; पूरे परिवार के साथ रात्रि भोजन; सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण; तथा प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने कर्तव्यों का पालन। युवाओं की भूमिका पर विशेष चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की रीढ़ है। केवल मतदान तक सीमित न रहकर समाज के प्रति निरंतर सक्रिय और सजग रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में भगवद्गीता के संदेशों के माध्यम से भय,आलस्य और आपसी विभाजन को त्यागकर एकजुट होने का आह्वान किया गया। सम्मेलन का समापन “भारत माता की आरती” एवं समरसता भोज के साथ हुआ।
मंच पर मातृशक्ति के रूप में उर्मिला शर्मा (संचालिका, शिशु वाटिका, गोला), विजय केमिस्ट्री नगर संघचालक, डॉ. हिमांशु मिश्र (प्रोफेसर, हॉर्टिकल्चर, कृषि महाविद्यालय), डॉ. वेद प्रकाश अग्निहोत्री (प्राचार्य) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री मुनेंद्र शुक्ल ने किया। कार्यक्रम की जानकारी संयोजक सर्वेश गुप्ता एवं सह संयोजक गौरव जयसवाल ने दी।
इस अवसर पर आदेश ठाकुर, सुशील चौधरी, नंदकिशोर शर्मा, आदेश मिश्र, सूरज गुप्ता, अभिषेक गौतम सहित भारी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।
लखीमपुर खीरी : हिंदू सम्मेलन में समाज को संगठित होने का आह्वान, सांस्कृतिक मूल्यों पर दिया गया जोर
