लखीमपुर खीरी : पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी मुख्यालय पर लखीमपुर में तेंदुए से लड़ने वाले मिहीलाल गौतम को दो लाख रुपए का चेक सौंपकर किया सम्मानित

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में लखीमपुर में तेंदुए से लड़ने वाले साहसी मजदूर मिही लाल गौतम ग्राम गिरधारीपुरवा जुगनुपरु धौरहरा निवासी को बुलाकर सम्मानित किया। घटना 24 जून 2025 की है जब मिही लाल ग्राम सभा बबुरी भट्ठे पर गया था वहां छुपे तेदुएं ने उस पर अचानक हमला कर दिया। मिहीलाल गौतम ने बताया कि उसके सामने जीवनमरण का प्रश्न था उसने फिर तेंदुए से भिड़ जाना ही ठीक समझा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मिहीलाल गौतम को दो लाख रुपये का चेक सौंपा और राज्य सरकार से भी आर्थिक मदद किये जाने की मांग की। मिहीलाल गौतम की पत्नी पुष्पा देवी, बेटा संजय कुमार और भांजा राजेश कुमार ने भी पूर्व मुख्यमंत्री से भेंट की।अखिलेश यादव ने इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार की सोच पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण की नही है। जंगल के खत्म हो रहे हैं, उनके रहने-खाने का संकट है तब वे आबादी वाले इलाकों में आ रहे है। अक्सर तहसील, घरों, छतों पर ये पहुंच जाते हैं। सड़कों पर आवारा पशुओं के हमलों में कई लोग मारे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जंगल से निकलकर हम इंसान बने अब इंसान ही जंगलों के दुश्मन बन गए हैं। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुए है। रिहायशी इलाकों में दुश्वारियां है। बंदरों का उत्पात बढ़ा हैं एक डीएम का चश्मा बंदर छीन ले गया। अस्पतालों में सांप, कुत्ता काटने की दवाइयां नहीं हैं। समाजवादी सरकार में जनेश्वर मिश्र पार्क के निर्माण के समय जो सांप पकड़े गए उन्हें जंगल में छुडवा दिया गया था।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में कई प्रशंसनीय कार्य हुए थे। लोहिया पार्क और जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़ी संख्या में लोग सुबह टहलने जाते है। यमुना, वरूणा, काली नदी, गोमती की सफाई नहीं हुई। नालों की सफाई नहीं हुई। इटावा लॉयन सफारी में शेरों का परिवार बढ़ रहा है। भाजपा सरकार ने न इसका विकास किया और न बजट दे रही है।यादव ने कहा कि पर्यावरण को लेकर दुनिया चिंतित है। ऋतुचक्र के बदलाव से किसान को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है। समय से वर्षा नहीं होती है। फसलें समय से नहीं पनपती है। बादल फटने से तमाम जाने गई हैं। समाजवादी पार्टी ने सोलर प्लांट लगाया, साइकिल ट्रैक बनाएं सब भाजपा ने बर्बाद कर दिया। भाजपा की सोच में विकास का स्पष्ट विजन ही नहीं है। उसकी सोच बहुत संकीर्ण है। उन्हें हर दम लूट की फिक्र रहती है। समाजवादी पार्टी की सरकार में वीरतापूर्ण कामों के सम्मान के लिए लक्ष्मीबाई पुरस्कार की शुरुआत की गई थी। भाजपा ने सभी अच्छी योजनाओं को बंद कर दिया है।
इस अवसर पर आनन्द भदौरिया सांसद धौरहरा, रामपाल सिंह जिलाध्यक्ष, वरूण चौधरी पूर्व प्रत्याशी, विकास यादव विधानसभाध्यक्ष धौरहरा, उत्तम वर्मा, उमेश गिरि, शेखू मिर्जा एवं वीरेन्द्र कुमार आदि समाजवादी नेता उपस्थित रहे।
संवाददाता – अनुज कुमार गुप्ता