लखीमपुर खीरी, 25 जून। आगामी धार्मिक त्योहार मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विद्युत विभाग ने कमर कस ली है। विद्युत वितरण मंडल लखीमपुर के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार यादव ने बताया कि मोहर्रम के मद्देनजर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए 25 जून से 27 जून तक मंडल एवं खण्ड स्तर पर अस्थाई रूप से विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जो 24 घंटे कार्य करेंगे।
किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम संपर्क सूत्र : विद्युत वितरण मण्डल लखीमपुर: 9415903837, विद्युत वितरण खण्ड लखीमपुर: 9415901173, विद्युत वितरण खण्ड मितौली :9450099199 और विद्युत वितरण खण्ड निघासन: 9415905849 है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि विद्युत वितरण मण्डल लखीमपुर के अंतर्गत मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत समस्त ताजिया मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विद्युत विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाकर पोल, तार एवं अन्य विद्युत संयंत्रों की आवश्यक मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। विभाग द्वारा सभी व्यवस्थाओं को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के बाद उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे धार्मिक जुलूसों के दौरान विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं केबलों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें तथा लाठी, डंडे, झंडे या बांस-बल्लियों से विद्युत उपकरणों को न छुएं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख ताजिया मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस, प्रशासन के सहयोग से संबंधित उपकेन्द्र के एसएसओ, अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता को सूचित कर लाइनमैन की पेट्रोलिंग कराई जा सकती है तथा सुरक्षा की दृष्टि से एलटी/एचटी लाइनों का शटडाउन भी लिया जा सकता है। साथ ही कन्ट्रोल रूम को किसी भी विद्युत समस्या की सूचना तत्काल देने की अपील की गई है।
