गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ की पावन धरा पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा के प्रथम आगमन पर गोला विधायक अमन गिरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद रेखा वर्मा के लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद शनिवार को गोला विधानसभा क्षेत्र में प्रथम आगमन पर उनका जगह जगह जोरदार स्वागत किया गया। गोला विधायक अमन गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने ममरी, कंजा एवं गोमती मोड़ पर उनका उत्साहपूर्वक भव्य स्वागत किया। इसके बाद गुरुद्वारा, सर्राफा कमेटी, बड़ा चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्प मालाओं एवं उत्साह के साथ उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने गोला विधायक अमन गिरी सहित कार्यकर्ताओं के साथ पौराणिक शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया एवं सभी के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संजीव वर्मा, मंडल अध्यक्ष सच्चिदानंद शुक्ला, नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा, गोला विधानसभा संयोजक अवधेश मिश्रा, वरिष्ठ नेता सुरजन लाल वर्मा, जिला पंचायत सदस्य तौफीक खान सहित भाजपा के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।
