लखीमपुर खीरी : गोला नगर में विराट हिंदू सम्मेलन एवं खिचड़ी भोज का आयोजन


गोला गोकर्णनाथ : ( द दस्तक 24 न्यूज ) गोला नगर स्थित फूल बाबा आश्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में मकर संक्रांति के अवसर पर विराट हिंदू सम्मेलन एवं खिचड़ी भोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता राम नरेश, जिला बौद्धिक प्रमुख ने कहा कि हिंदू धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र कला है। उन्होंने हिंदू समाज की एकजुटता को विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, मातृशक्ति की भूमिका, स्वदेशी, मातृभाषा, पारिवारिक संवाद और धार्मिक-सांस्कृतिक संस्कारों पर विशेष बल दिया।
उन्होंने नागरिक कर्तव्यों और पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, जल संरक्षण, पॉलीथिन के त्याग और प्रदूषण रोकने को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया। डॉ. हेडगेवार के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने संगठन, अनुशासन और स्वाभिमान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कथा वाचक पूज्य अंजनी शरण ने कहा कि संघ ने अनेक संघर्षों के बावजूद निरंतर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का कार्य किया है। उन्होंने भविष्य के भारत के निर्माण हेतु पंच परिवर्तन को आधार बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक श्री आनंद त्रिवेदी एवं सह संयोजक राम सागर वर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।