Friday, 30 October 2026 | 8:30 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: मेरे सपनों का भारत’ में गूंजी विकसित भारत की परिकल्पना

Share:
कासगंज: मेरे सपनों का भारत’ में गूंजी विकसित भारत की परिकल्पना

कासगंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में ‘मेरे सपनों का भारत’ जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला, सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने सपनों के भारत की तस्वीर पेश की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह और राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ मौजूद रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से भारत के विकास, बेहतर शिक्षा, स्वच्छता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार सामने रखे।

प्रतियोगिताओं में सफल रहे छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह और राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों में मौजूद प्रतिभा और कल्पनाशीलता को सही दिशा मिले तो वे देश के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, जिम्मेदारी की भावना और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ देश के विकास के प्रति जागरूक करने का अवसर देते हैं।

राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने विचारों और प्रतिभा के माध्यम से विकसित एवं सशक्त भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की।

इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र, उप निदेशक कृषि महेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मिथलेश कुमार, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, निर्णायक मंडल के सदस्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।