कासगंज:15 अक्टूबर तक शिक्षक करेंगे काली पट्टी बांध अनिवार्य टीईटी का विरोध

कासगंज।
अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील पांडे के आव्हान पर सेवारत शिक्षकों पर अनिवार्य टीईटी का जनपद में मौन विरोध लगातार जारी है। सेवारत अध्यापकों पर टीईटी अनिवार्यता हटाए जाने की मांग को लेकर 10 सितंबर से पूरे प्रदेश में शिक्षक आंदोलित हैं। शिक्षकों का कहना है कि उनकी नियुक्ति तत्कालीन शासनादेशों के अनुसार ही हुई है। सेवा अवधि के मध्य में नवीन पात्रता को शामिल करना न्यायोचित नहीं है। प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री मुनेश राजपूत ने बताया कि आंदोलन के तीसरे चरण के अंतर्गत आगामी 15 अक्टूबर तक शिक्षक हाथ में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप यादव ने बताया कि अगले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश को हस्ताक्षर अभियान चलाकर पत्र भेजकर न्याय की मांग करेंगे। शनिवार को प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर, क्यामपुर, लोंगपुर, कंपोजिट स्कूल शाहपुर माफी, चकेरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला यादकरन, ब्रह्मपुरी सहित सैकड़ों स्कूलों में शिक्षकों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।