कासगंज: स्कूल मर्जर के खिलाफ समाजवादी पार्टी की पांच दिवसीय “पीडीए साइकिल यात्रा” जारी

गंजडुंडवारा: प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्कूल मर्जर अभियान के विरोध में समाजवादी पार्टी के युवा नेता पवन यादव के नेतृत्व में एक पांच दिवसीय साइकिल यात्रा 30 जुलाई को पटियाली विधानसभा से शुरू हुई। यह यात्रा वर्तमान में विभिन्न गांवों और कस्बों से होते हुए 2 अगस्त को कासगंज विधानसभा में संपन्न होगी।

आज यात्रा गंजडुंडवारा पहुंची, जहां समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, छात्र सभा के महासचिव इंजी लालू यादव, समाजवादी नेता शैलेंद्र कश्यप सहित कई कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का ज़ोरदार स्वागत किया और उनके संकल्प को समर्थन प्रदान किया।

अब्दुल हफीज गांधी (पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी) ने कहा: “स्कूल मर्जर नीति गाँवों के बच्चों की शिक्षा के अधिकार पर हमला है। यह सरकार शिक्षा के क्षेत्र में कटौती कर रही है, जो ग्रामीण समाज के भविष्य के लिए घातक है। समाजवादी पार्टी इस नीतिगत अन्याय का विरोध करती रहेगी और जन-जन को साथ लेकर संघर्ष करेगी।”

लालू यादव (महासचिव छात्र सभा) ने कहा:
“छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली सरकार को यह साइकिल यात्रा करारा जवाब देगी। हम गाँव-गाँव जाकर लोगों को जगाएंगे और आवाज़ बुलंद करेंगे।”

साइकिल यात्री पवन यादव ने कहा: “सरकार ने स्कूल मर्जर का जो फैसला लिया है, वह शिक्षा व्यवस्था को खत्म करने की साजिश है। छोटे बच्चों को दूर-दराज के स्कूलों में भेजना उनके अधिकारों का हनन है। हम इसे हर हाल में रुकवाएंगे।”

शीलेंद्र कश्यप (प्रदेश सचिव, समाजवादी छात्र सभा) ने कहा:
“इस यात्रा के ज़रिए हम जनजागरण कर रहे हैं। जनता को यह बताने निकले हैं कि सरकार की नीति बच्चों से स्कूल छीन रही है। यह केवल यात्रा नहीं, यह आवाज़ है—गांव की, गरीब की, छात्र की।”

यात्रा का उद्देश्य:

सरकार द्वारा 50 से कम छात्रों वाले स्कूलों को बंद कर नजदीकी विद्यालयों में मर्ज करने के फैसले का विरोध

गांवों के बच्चों की शिक्षा को सुरक्षित रखना

ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की मांग

यह यात्रा विभिन्न गांवों से गुजरते हुए आम जनता से संवाद स्थापित कर रही है और शिक्षा बचाओ, संविधान बचाओ जैसे नारों के साथ सरकार की नीतियों के खिलाफ जनचेतना फैला रही है।

इस मौके पर यशवीर यादव, आलोक यादव, अजीत भाई, पंकज, भानु राजपूत, सुधीर, डॉ हरी सिंह जी, अंकित यादव, अमोद बघेल, आनंद यादव, रजत श्रीवास्तव, अजय गौतम, अजय यादव शास्त्री, सर्वेंद्र यादव, पवन बघेल, अतुल श्रीवास्तव, विमल शाक्य, सचिन यादव आदि लोगों ने साईकिल यात्रा का जोरदार स्वागत किया ।