केवीके मोहनपुरा में किसानों को दिखाया गया कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
मोहनपुरा (कासगंज)
शनिवार को प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का सीधा प्रसारण मोहनपुरा के कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को दिखाया गया। यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य उन्नत तकनीक और वैज्ञानिक सलाह प्रदान पर कृषि उत्पादकता में सुधार, फसल विविधीकरण, सिंचाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सस्ती वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याएं सुनी और उन्हें फॉर्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया। वहीं एडीओ पीपी इंद्रवीर सिंह ने किसानों को विभिन्न रसायनों के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि पेंडामिथिलिन खरपतवार नाशक रसायन किसानों किए 40 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध है। वहीं भूमिशोधन एवं कीटनाशक के रूप में प्रयोग होने वाला नीम ऑयल, फफूंद नाशक एवं उखटा रोग से संबंधित ट्राईकोडर्मा रसायन, दीमक एवं अन्य हानिकारक कीटों से सुरक्षा हेतु ब्यूवेरिया वेशियाना रसायन 75 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। साथ ही अनाज भंडारण हेतु 5 कुंतल क्षमता की बखारी 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम दो हजार रुपए तक अनुदान पर उपलब्ध है। इच्छुक किसान अपना पंजीकरण कर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसानों के साथ संचारी रोग नियंत्रण के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियों साझा की गई।
इस अवसर पर कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ आकाश, पशुपालन वैज्ञानिक डॉ सुशील कुमार, सस्य वैज्ञानिक डॉ गौरव वर्मा, गृह कला वैज्ञानिक डॉ अदिति, फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ रितेश कुमार, आदित्य शर्मा मृदा परीक्षण अधिकारी, भगवान दास एडीओ कृषि, राज बहादुर आदि पीपी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद थे।
