कासगंज: गणतंत्र दिवस परेड-2026 के अवसर पर देशभर में गंगा नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन, स्वच्छता, सामुदायिक जागरूकता एवं पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सतत योगदान देने वाले चयनित ‘वॉटर वॉरियर्स’ को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया

भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा गणतंत्र दिवस परेड-2026 के अवसर पर देशभर में गंगा नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन, स्वच्छता, सामुदायिक जागरूकता एवं पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सतत योगदान देने वाले चयनित ‘वॉटर वॉरियर्स’ को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। इस प्रतिष्ठित सूची में जनपद कासगंज स्थित श्रीमती द्रौपदी देवी जाजू सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. सोमवती शर्मा परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।
जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे श्री सुजीत कुमार ने बताया कि डॉ. सोमवती शर्मा विगत कई वर्षों से गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय स्तर पर छात्राओं एवं शिक्षकों को गंगा स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने स्वच्छ गंगा अभियान को केवल एक सरकारी पहल तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके प्रयासों से छात्राओं, महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हुई। ‘नदी उत्सव’, ‘गंगा उत्सव’ जैसे समावेशी कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ किया गया।
विद्यालय एवं जिला स्तर पर चित्रकला, क्विज, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रैलियाँ तथा स्वच्छता अभियानों के आयोजन के माध्यम से छात्राओं एवं आम नागरिकों को पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इन उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न स्तरों पर प्रशंसा एवं सम्मान प्राप्त हुआ है।