कासगंज:गंजडुंडवारा कादरगंज रोड पर MS पैलेस पर मक्का उत्पादनकी संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान प्रारंभ

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद – भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान के अंतर्गत कार्यरत द्वारा देश में मक्का उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ावा देने हेतु किसानों के बीच एक विशेष जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। वर्तमान में भारत सरकार द्वारा पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस लक्ष्य की पूर्ति हेतु वर्षभर एथेनॉल उत्पादन बनाए रखना आवश्यक है, जिसमें मक्का फसल की महत्वपूर्ण भूमिका है। अनाज आधारित एथेनॉल उद्योगों में मक्का एक प्रमुख कच्चा माल बनकर उभर रहा है।

इसी क्रम में जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा ब्लॉक में एक व्यापक किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोरों, गंजडुंडवारा, पटियाली एवं अमापुर ब्लॉकों से आए अनेक किसानों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मक्का की उन्नत उत्पादन तकनीकों एवं एथेनॉल उद्योग में इसकी बढ़ती मांग के संबंध में जानकारी प्रदान करना था।

कोर्टेवा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आईसीएआर-आईआईएमआर के शोधकर्ता तुषार यादव द्वारा किसानों को अधिक उत्पादन हेतु वैज्ञानिक सुझाव दिए गए। उन्होंने कीट प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन तथा कटाई उपरांत प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। साथ ही मक्का की उन्नत किस्मों के चयन एवं संतुलित पोषण प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान एक प्रगतिशील किसान ने गन्ना-मक्का अंतरवर्तीय खेती प्रणाली को अपनाने की पहल की, जिससे भूमि उपयोग दक्षता एवं आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। चयनित किसानों को उन्नत हाइब्रिड मक्का बीज P-1899 के निःशुल्क नमूने तथा उपयुक्त खरपतवारनाशी भी वितरित किए गए।

कोर्टेवा टीम से उपस्थित पुष्पेन्द्र चतुर्वेदी ने P-1899 हाइब्रिड की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता एवं विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के अंतर्गत लगातार तीसरे वर्ष किसानों को लाभ मिल रहा है और क्षेत्र के किसान इस पहल से अत्यंत संतुष्ट एवं उत्साहित हैं।

यह पहल न केवल मक्का उत्पादन को बढ़ावा देगी, बल्कि देश की एथेनॉल मिश्रण नीति को सशक्त बनाने तथा किसानों की आय वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करेगी।

Leave a Comment