कासगंज: मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टेªट सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति तथा जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान जनपद में गंगा आरती के आयोजन, गंगा संरक्षण एवं जनजागरूकता, जल गुणवत्ता में सुधार, नदियों-नालों की स्थिति तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एस.टी.पी.) से संबंधित सैंपलिंग रिपोर्टों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद में छोटी नदी पुनरोद्धार के लिए चयनित बूढ़ी गंगा नदी की साफ-सफाई के लिए सिंचाई विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात जिला पर्यावरण समिति की बैठक में नगर निकायों से उत्पन्न ठोस अपशिष्ट के निस्तारण, कम्पोस्ट निर्माण, आर.डी.एफ., वेस्ट-टू-एनर्जी, अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन, अस्पतालों से उत्पन्न जैव-चिकित्सा अपशिष्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, ई-वेस्ट निस्तारण तथा औद्योगिक प्रदूषण की निगरानी से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्राइवेट अस्पताल से उत्पन्न जैव चिकत्सा अपशिष्ट की निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया।
जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि वृक्षारोपण लक्ष्य का आवंटन किया जा चुका है। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि आगामी वृक्षारोपण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराएं, जिससे उसे संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जा सके।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि स्वीकृत कार्ययोजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए। उक्त बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
कासगंज :मुख्य विकाश विरेन्द्रसिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति जिला पर्यावरण समिति जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न
