कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मई 2026 छिबरामऊ की पावन धरती पर आयोजित विशाल बुद्ध धम्म यात्रा श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत प्रतीक बनकर उभरी। 2570वीं त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य धम्म यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों और बुद्ध अनुयायियों ने सहभागिता कर भगवान गौतम बुद्ध के बताए शांति, करुणा, प्रेम, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
धम्म यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, समानता और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायी प्रयास रही। यात्रा के दौरान भगवान बुद्ध एवं महापुरुषों के विचारों को लोगों तक पहुंचाते हुए सामाजिक एकता और मानव कल्याण का संदेश दिया गया।
यह भव्य यात्रा पश्चिमी बाईपास स्थित नहर कोठी से प्रारंभ होकर सौरिख रोड, तहसील मार्ग से होते हुए निर्माणाधीन अशोक स्तंभ नंबर लक्षीराम तक निकाली गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा। जगह-जगह लोगों ने धम्म यात्रा का स्वागत किया और भगवान बुद्ध के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
आयोजकों ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। यदि हर व्यक्ति बुद्ध के विचारों को अपने जीवन में अपनाए तो समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव स्थापित हो सकता है।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक एवं भव्य धम्म यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
