लखीमपुर खीरी : पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान को लेकर बैठक, संगठन को मजबूत करने पर जोर

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत गोला गोकर्णनाथ के शहनाई गेस्ट हाउस में रविवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री राज्यसभा सांसद माननीय दिनेश शर्मा ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा को लेकर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जिला एवं मंडल कार्यसमितियों के गठन के बाद कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं का वैचारिक एवं व्यक्तिगत निर्माण करना होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और उसका कार्यकर्ता ही संगठन का मजबूत स्तंभ है। उन्होंने भाजपा के विकास, सेवा, सुशासन एवं गौरवशाली इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टैनी ने कहा कि सक्षम कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन का निर्माण करता है। उन्होंने संगठनात्मक प्रशिक्षण को भाजपा की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि संवाद और समन्वय से लक्ष्य प्राप्त करना आसान हो जाता है। जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। संगठन और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना समय की मांग है। पूर्व प्रदेश मंत्री वीरेन्द्र तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में राष्ट्रहित, सेवा भाव और संगठनात्मक कार्यशैली के प्रति समर्पण विकसित करता है। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने भाजपा को एक अनुशासित एवं कैडर आधारित संगठन बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा और जिम्मेदारियों के प्रति सजग बनाना है।कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार एवं समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पूर्व प्रदेश मंत्री वीरेंद्र तिवारी, माननीय विधायकगण अमन गिरि, लोकेंद्र प्रताप सिंह, शशांक वर्मा, श्रीमती मंजू त्यागी, सौरभ सिंह सोनू, योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, क्षेत्रीय मंत्री श्री राज किशोर मोर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, पलिया चेयरमैन श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री उमाशंकर मिश्रा सहित तमाम पदाधिकारीगण एवं सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।