फर्रुखाबाद में ऐतिहासिक होली मिलन समारोह, गंगा-जमुनी तहजीब की झलक।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मार्च 2026 शहर के ऐतिहासिक चौक क्षेत्र में आयोजित होली मिलन समारोह ने एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की जीवंत मिसाल पेश की। यह भव्य आयोजन मोहम्मद खां वगश वेलफेयर सोसाइटी और सद्भावना मंच के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें सर्व समाज के समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।

कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, सद्भाव व सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि फर्रुखाबाद की पहचान उसकी साझा सांस्कृतिक विरासत और आपसी सम्मान की परंपरा से है।

बताया गया कि इस ऐतिहासिक होली मिलन समारोह की शुरुआत फर्रुखाबाद के संस्थापक नवाब मोहम्मद खां बंगश द्वारा की गई थी। तब से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है और आज भी उसी उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाती है।

होली के अवसर पर नेहरू रोड पर आयोजित होने वाला होली मेला शहर की सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख आकर्षण है। यहां विभिन्न समाजों के लोग एक साथ मिलकर पर्व मनाते हैं, जो फर्रुखाबाद की गंगा-जमुनी तहजीब का सशक्त और जीवंत उदाहरण है।

समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एकता और सौहार्द को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment