फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जुलाई 2026 भूगर्भ जल के महत्व और उस पर बढ़ते संकट को देखते हुए जनपद में 16 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित “भूजल सप्ताह” का समापन मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस वर्ष की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखी गई थी।
सुबह 8 बजे कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ से मुख्य विकास अधिकारी ने जल संरक्षण जागरूकता के लिए आयोजित प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ और म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक भी इस अभियान में शामिल रहे।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, सहायक अभियंता लघु सिंचाई फर्रुखाबाद तथा अवर अभियंता लघु सिंचाई उपस्थित रहे।
प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण से जुड़े प्रेरक नारे लगाए, जिनमें प्रमुख रूप से—
“जल है तो कल है”
“जल आज नहीं बचाओगे तो कल कहाँ से लाओगे”
“पानी नहीं बचाओगे तो खुद प्यासे रह जाओगे”
“प्रकृति की है यही पुकार, आओ बचाएं जल अपार”
“आओ बचाएं वर्षा जल और संवारें अपना कल”
“वक्त रहते संभल जाओ, जल संकट को ना बुलाओ”
जैसे संदेश शामिल रहे। इन नारों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और भूजल संरक्षण, प्रबंधन, विनियमित दोहन तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयासों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण की सरल एवं प्रभावी विधियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सहायक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग ने बताया कि भूजल सप्ताह का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि भूजल एक सीमित संसाधन है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है। उन्होंने नागरिकों से वर्षा जल संचयन अपनाने, अनावश्यक जल बर्बादी रोकने और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
