फर्रुखाबाद में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, गर्भवती महिलाओं को मिला पोषण किट का सहारा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जनवरी 2026 सांसद मुकेश राजपूत ने आज डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) योजना के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में उपस्थित गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित किए।

शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना तथा पोषण के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें संतुलित आहार, नियमित जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

सांसद मुकेश राजपूत ने इस अवसर पर कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना सरकार और समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से जरूरतमंद महिलाओं को समय पर जांच और पोषण सहायता मिलती है, जिससे स्वस्थ समाज की नींव मजबूत होती है। उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के इस सामाजिक सरोकार की सराहना की।

कार्यक्रम में अस्पताल प्रशासन, इंडियन ऑयल के प्रतिनिधि, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं। शिविर के माध्यम से कई महिलाओं ने निःशुल्क जांच और पोषण किट का लाभ प्राप्त किया।