फर्रुखाबाद में फूड पॉइजनिंग का कहर: एक ही परिवार के 8 लोग बीमार, दो बच्चियों की हालत गंभीर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 मई 2026 जनपद के थाना कम्पिल क्षेत्र के ग्राम हमीरपुर कांजी में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। घर में बने दाल-चावल खाने के बाद एक ही परिवार के आठ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और ऐंठन की शिकायत होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने घर में तैयार दाल-चावल का भोजन किया था। भोजन करने के कुछ समय बाद ही एक-एक कर सभी की तबीयत खराब होने लगी। परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और सभी को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। वहीं अन्य मरीजों का उपचार सीएचसी में जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। चिकित्सकों का कहना है कि भोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी के कारण फूड पॉइजनिंग की आशंका है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारणों का पता चल सकेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रभावित परिवार के सदस्यों की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Comment