फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूल चलो अभियान, नामांकन प्रगति, समावेशी शिक्षा एवं विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत निर्धारित 35,800 नामांकन लक्ष्य के सापेक्ष केवल 25,421 बच्चों के नामांकन पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मोहम्मदाबाद क्षेत्र में नामांकन की खराब प्रगति पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं कम्पिल नगर क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम नामांकन होने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को मुख्यालय से संबद्ध किए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
जिलाधिकारी ने ऐसे विद्यालयों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा, जहां 10 से कम विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। उन्होंने इन विद्यालयों की स्थिति के लिए जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
समावेशी शिक्षा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पेशल एजुकेटरों द्वारा मई माह में दिव्यांग बच्चों के घर-घर जाकर किए गए भ्रमण की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में प्रत्येक विद्यालय में विशेष शिविर लगाकर फैमिली आईडी बनवाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पात्र परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
दिव्यांग बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए सुलभ शौचालय नहीं हैं, वहां शीघ्र निर्माण कार्य कराने को कहा।
उन्होंने सभी विद्यालयों में खेल सामग्री एवं खेल उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
