फर्रुखाबाद में “समाधान समारोह-2026” जागरूकता शिविर का शुभारम्भ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 मई 2026 माननीय मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों के सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण हेतु देशव्यापी “समाधान समारोह-2026” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का शुभारम्भ 21 अप्रैल 2026 को हुआ था, जिसका समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा।

इसी क्रम में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद परिसर में समाधान समारोह-2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर ने किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि समाधान समारोह के अंतर्गत चिन्हित वादों का प्री-सिटिंग वार्ता के माध्यम से पक्षकारों के बीच सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए वादों के चिन्हीकरण, प्री-सिटिंग वार्ताओं के संचालन तथा अधिकाधिक मामलों के समझौते के आधार पर निस्तारण हेतु विभिन्न प्री-सिटिंग बेंचों का गठन किया गया है।

इस अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश श्री अभिनित्तम उपाध्याय, विशेष न्यायाधीश डकैती श्री शैलेन्द्र सचान, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी श्री तरुण कुमार सिंह, अपर जिला जज पॉक्सो श्रीमती रितिका त्यागी, विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट श्री दिपेन्द्र कुमार सिंह, अपर जिला जज श्री अंकित कुमार मित्तल, विशेष न्यायाधीश एफटीसी श्री संजय कुमार षष्ठम सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

माननीय जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समाधान समारोह-2026 को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने तथा अधिक से अधिक वादों का सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Leave a Comment