फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मार्च 2026 जनपद में पुलिस विभाग की छवि को प्रभावित करने वाले एक मामले में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने कड़ा एक्शन लिया है। कोतवाली कायमगंज में तैनात महिला उपनिरीक्षक सुधा पाल और एक आरक्षी चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में कथित तौर पर उपनिरीक्षक सुधा पाल और आरक्षी चालक को पैसों का लेनदेन करते हुए देखा गया।
एएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लिया और दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
