फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में “Safer Internet Day (सुरक्षित इंटरनेट दिवस)” के अवसर पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कु. ज्योति चौधरी ने मोबाइल और कंप्यूटर पर सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटरनेट का उपयोग करते समय मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा व्यक्तिगत जानकारी किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या व्यक्ति के साथ साझा न करें।
इस अवसर पर एनआईसी के दीपक कुमार एवं पुलिस विभाग के साइबर थाना फतेहगढ़ के विशेषज्ञों ने ओटीपी फ्रॉड, फेक वेबसाइट फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट स्कैम, फेक डेटिंग ऐप फ्रॉड, मनी लोन ऐप स्कैम, एसएमएस फ्रॉड, सोशल मीडिया स्कैम और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनसे बचाव के उपाय बताए।
कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला सूचना विज्ञान केंद्र के कार्मिक तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की अपील की गई।
