फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 फरवरी 2026 महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान “5.0” के अंतर्गत आज कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र में महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
महिला सुरक्षा विशेष दल की टीम ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन) सहित अन्य आवश्यक नंबरों की जानकारी दी तथा आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही टीम द्वारा महिलाओं के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों तथा साइबर अपराध से बचाव के तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका महिला सुरक्षा दल द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करना है।
