फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 फरवरी 2026 विकासखंड बढ़पुर की ग्राम पंचायत लखमीपुर में आज मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लेकर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों को विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, स्वयं सहायता समूह गठन, बैंक संबंधी योजनाएं तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पंचायत चुनाव, यस आई आर (YIR) एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रक्रियाओं की भी जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर ग्रामीण न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें, बल्कि देश के विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर, एडीओ पंचायत, एडीओ कृषि, प्रधान सचिव तथा तहसील एवं ब्लॉक स्तर के विभिन्न अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा एक बच्चे को खीर खिलाकर उसका अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया तथा एक गर्भवती महिला को फल वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त संविलियन विद्यालय लखमीपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
ग्राम चौपाल के आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया तथा उन्होंने शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
