फर्रुखाबाद: श्री रामनगरिया मेला में धूमधाम से मनाया गया यूपी दिवस, मंत्री असीम अरुण ने किया लाभार्थियों को सम्मान व वितरण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जनवरी 2026 को श्री रामनगरिया मेला परिसर में उत्तर प्रदेश दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ माननीय विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित जनपद के समस्त वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिवओम अम्बर, भूपेंद्र सिंह, विद्याप्रकाश दीक्षित, गौरव अग्रवाल, शांति शाक्य, मनीष सैनी, आस्तिकी मिश्रा, वैभव राठौर, स्मृति अग्निहोत्री एवं शैफाली पांडे को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 16 विभागों में उत्कृष्ट प्रशासनीय कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान सीएम युवा उद्यमी योजना, एनआरएलएम, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं श्रम आयुक्त विभाग के लाभार्थियों को माननीय मंत्री द्वारा चेक, आवास की चाबी, उज्ज्वला गैस सिलेंडर एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

माननीय मंत्री श्री असीम अरुण ने विकास प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों, सूचना विभाग एवं संस्कृति विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई थी।

कार्यक्रम में लखनऊ से प्रसारित माननीय गृह मंत्री भारत सरकार श्री अमित शाह एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के लाइव संबोधन को भी उपस्थित जनसमूह ने सुना।

इस अवसर पर माननीय मंत्री, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबोधन करते हुए प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों, विकास योजनाओं एवं उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं मीडिया कर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। यूपी दिवस समारोह उत्साह, गौरव और विकास की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।