फर्रुखाबाद:ऑपरेशन मुस्कान के तहत 4 वर्षीय मासूम सकुशल बरामद, 8 घंटे में बच्चे को परिजनों से मिलाया

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मई 2026 जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए 4 वर्षीय बालक को मात्र 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला बीबीगंज निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसका 4 वर्षीय पुत्र चौकी क्षेत्र नखास से अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल टीम गठित कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई।पुलिस टीम ने “ऑपरेशन मुस्कान” के अंतर्गत तेजी से कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने सूचना मिलने के 8 घंटे के भीतर ही बालक को सकुशल बरामद कर लिया।बाद में बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और फर्रुखाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं आमजनमानस ने भी फतेहगढ़ पुलिस की तत्परता और मानवीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।