फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 फरवरी 2026 मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए 1090, 112, 181 सहित विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। साथ ही साइबर अपराध, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा तथा अन्य अपराधों की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें।
