फर्रुखाबाद:कायमगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, भतीजा गंभीर घायल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जनवरी 2026 कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, लहरा रजाकुलीपुर निवासी महेंद्र अपने भतीजे बॉबी के साथ कायमगंज नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद देर रात दोनों मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।

जैसे ही वे बेरिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही कानपुर नगर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र और बॉबी दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के समय मौके से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता जयंत शाक्य ने तत्परता दिखाते हुए अपना वाहन काफिला रुकवाया और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपिन ने परीक्षण के बाद महेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि बॉबी की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही रोडवेज बस चालक को हिरासत में लेकर बस को नवीन मंडी परिसर में खड़ा करा दिया गया है।

मृतक महेंद्र अपने पीछे चार बेटियां—मधु, अनीता, संगीता और मुस्कान—और पत्नी शीला देवी को छोड़ गए हैं। पति और पिता की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।