फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी लेकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 फरवरी 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली गई। परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी, यातायात शाखा के कर्मी, पुलिस लाइन में नियुक्त कर्मचारी तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित आरक्षी शामिल रहे।

इस दौरान पुलिस कर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियां कराई गईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित आरक्षियों की पीटी एवं परेड का निरीक्षण करते हुए उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और नियमों के पालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 कार्यालय, पुलिस कैंटीन, मेस, परिवहन शाखा, बैरक, क्वार्टर गार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा अभिलेखों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।