फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की, जबकि जिला संगठन प्रभारी एवं पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिवमहेश दुबे मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
कार्यशाला में जिला संगठन प्रभारी शिवमहेश दुबे ने अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में संकल्प और सेवा को समर्पित 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
13 प्रमुख कार्यक्रमों का होगा आयोजन
अभियान के तहत घर-घर दीप प्रज्वलन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए ‘आंगन का उत्सव’, तथा प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों के साथ ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सोशल मीडिया पर रील भी बनाई जाएगी।
इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी तक युवा मोर्चा का कार्यक्रम, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, मानव रंगोली, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। जनसेवक महाकुंभ के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा और सुशासन को जनता तक पहुंचाने पर जोर
शिवमहेश दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का उद्देश्य अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम की भावना और सुशासन रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों का सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप ग्रुप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। साथ ही गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक नरेंद्र मोदी की राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन की यात्रा, संगठनात्मक कार्यों और राष्ट्रसेवा के प्रयासों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
13 कार्यक्रमों के लिए नियुक्त हुए संयोजक
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि अभियान के सभी 13 कार्यक्रमों के लिए संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार तथा संगठन द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कृतित्व और सेवा भाव के माध्यम से ‘सेवा’ शब्द के मूल भाव को जन-जन तक पहुंचाया है और इसे शासन की संस्कृति बनाया है।
फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को सुरक्षित वातावरण मिला है, समृद्ध भारत की मजबूत नींव रखी गई है और भारत आज विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बी.के. गंगवार, सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत, सोशल मीडिया संयोजक सुशील राजपूत, जिला मंत्री अनुराग सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबिता पाठक सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
