फर्रुखाबाद:सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिले को 18वां स्थान, कई विभागों की रैंकिंग पर जताई गई नाराजगी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की नवंबर माह की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान जनपद फर्रुखाबाद ने प्रदेश स्तर पर 18वां स्थान प्राप्त किया।

बैठक में कुल 29 विभागों की 77 योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में कुछ योजनाओं की प्रगति अत्यंत कमजोर पाई गई, जिन्हें डी श्रेणी में रखा गया। उद्योग विभाग की ओडीओपी टूल किट योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की स्थिति सबसे खराब रही।

समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 24वीं रैंक, सामान्य वर्ग दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में 38वीं तथा अनुसूचित जाति पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में 59वीं रैंक प्राप्त हुई। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में 40वीं तथा पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में 63वीं रैंक रही।

जल निगम ग्रामीण विभाग के जल जीवन मिशन कार्यक्रम की रैंक 60 रही। वहीं ग्राम्य विकास विभाग के डीएनआरएलएम आरएफसीआईएफ कार्यक्रम में सुधार दर्ज किया गया और इसे 12वीं रैंक प्राप्त हुई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में 35वीं तथा पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में 48वीं रैंक आई।

उद्योग विभाग की ओडीओपी वित्त पोषण योजना में 67वीं रैंक, चिकित्सा विभाग के एम्बुलेंस 102 में 23वीं तथा एम्बुलेंस 108 में 12वीं रैंक प्राप्त हुई। विद्युत विभाग में खराब ट्रांसफार्मर शिकायतों में 75वीं तथा ग्रामीण विद्युत आपूर्ति में 52वीं रैंक दर्ज की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि आगामी माह में योजनाओं की प्रगति में सुधार कर रैंकिंग बेहतर की जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।