फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में श्रावण मास के दौरान आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले दिनों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाए तथा इसकी प्रभावी सूचना आमजन तक समय से पहुंचाई जाए। उन्होंने गंगा घाट पर कंट्रोल रूम स्थापित कर समस्त व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गंगा घाटों पर पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र स्थापित किए जाएं। विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बिजली के पोलों को सुरक्षित रूप से पॉलीथिन से कवर कराया जाए तथा विद्युत लाइनों की नियमित जांच कराई जाए। उन्होंने घाटों पर चिकित्सा टीम, चिकित्सकों, एंबुलेंस एवं आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गंगा घाट पर बने पुल का नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।
बैठक में अवगत कराया गया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार तथा महाशिवरात्रि के अवसर पर जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ स्थित भगवान शिव के शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए प्रस्थान करते हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं सुविधाओं की कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
