फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता सैनी के जनपद आगमन के अवसर पर 13 मार्च 2026 को महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:00 बजे आयोजित होगा, जिसमें महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई और समीक्षा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश में महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनपदों में इस प्रकार की जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में फर्रुखाबाद में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी द्वारा नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अथवा उनके प्रतिनिधि, महिला थानाध्यक्ष और संबंधित थानों के क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा के साथ पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता सैनी करेंगी।
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस एस्कॉर्ट सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा निरीक्षण भवन फतेहगढ़ में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान महिला जनसुनवाई में आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
